महाराष्ट्र के अस्पतालों पर FDA की सख्ती, दवाओं और मेडिकल सामान की कीमतों को लेकर बड़ा खुलासा
महाराष्ट्र में Food and Drug Administration (FDA) ने अस्पतालों में इस्तेमाल होने वाले मेडिकल सामान और दवाओं की कीमतों को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे ने अस्पतालों में इस्तेमाल होने वाले कुछ मेडिकल कंज्यूमेबल्स की खरीद कीमत और मरीजों से लिए जाने वाले MRP के बीच बड़े अंतर का मुद्दा उठाया है।
FDA की ओर से किए गए सर्वे में एक IV सेट की ट्रेड कीमत करीब ₹11.05 मिली, जबकि उसका MRP ₹325 था। इसी तरह एक सिरिंज की खरीद कीमत करीब ₹6.75 और MRP ₹57.20, जबकि एक कैथेटर की खरीद कीमत ₹29.41 और MRP ₹310 बताई गई।
FDA के मुताबिक, मेडिकल डिवाइस और कंज्यूमेबल्स की कीमतों पर दवाओं की तरह समान मूल्य-नियंत्रण व्यवस्था नहीं होने के कारण मरीजों पर अतिरिक्त लागत का असर पड़ सकता है। इस मामले में FDA ने Department of Pharmaceuticals और NPPA के सामने कीमतों की निगरानी और ट्रेड प्राइस तथा MRP के बीच अंतर को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश बनाने की सिफारिश की है।
इससे पहले महाराष्ट्र FDA ने अस्पतालों को मरीजों को अपनी पसंद की फार्मेसी से दवा खरीदने की स्वतंत्रता देने और बिना सहमति इन-हाउस फार्मेसी से दवा खरीदने के लिए मजबूर न करने का निर्देश भी दिया था।
