दिवेआगर बीच हादसा: पिकनिक पर गए 8 छात्रों की डूबने से मौत, सभी शव बरामद
Maharashtra News: महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के प्रसिद्ध दिवेआगर बीच पर गुरुवार को पिकनिक के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पुणे के आलंदी स्थित एक निजी कोचिंग संस्थान से आए आठ छात्र समुद्र में डूब गए। हादसे के बाद राहत और बचाव दल ने सभी आठ छात्रों के शव बरामद कर लिए।
48 लोगों का समूह पहुंचा था पिकनिक पर
जानकारी के मुताबिक, पुणे के आलंदी स्थित Winners Academy से छात्रों और शिक्षकों का समूह दिवेआगर बीच पहुंचा था। पुलिस के अनुसार समूह में 25 लड़के, 17 लड़कियां और 6 शिक्षक, यानी कुल 48 लोग शामिल थे। मृतक छात्र 11वीं और 12वीं कक्षा के बताए जा रहे हैं।
समुद्र में जाने के बाद हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, आठ छात्र समुद्र में चले गए थे। पानी की गहराई और समुद्री धाराओं का सही अनुमान नहीं लग पाने के कारण वे बह गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और तलाश शुरू की।
सभी आठ शव बरामद
रेस्क्यू टीमों ने तलाश अभियान चलाकर सभी आठ छात्रों के शव बरामद कर लिए। हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने मौके पर आवश्यक कानूनी एवं प्रशासनिक कार्रवाई शुरू की।
घटना के बाद मृत छात्रों के परिवारों में शोक की लहर है। अधिकारियों की ओर से राहत और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
