Teacher's Day 2026: PM मोदी ने शिक्षकों से कहा- किताबों से आगे बढ़कर बच्चों की जिंदगी और प्रतिभा को समझें

 शिक्षक दिवस से पहले PM मोदी की शिक्षकों से अपील, बोले- बच्चों की प्रतिभा और परेशानियों को समझें



नई दिल्ली: शिक्षक दिवस से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित होने वाले शिक्षकों से बच्चों की शिक्षा के साथ उनके व्यक्तिगत अनुभवों और चुनौतियों को समझने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षक की भूमिका केवल किताबों और पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं है।

प्रधानमंत्री ने शिक्षकों से अपील की कि वे हर बच्चे की अलग क्षमता और प्रतिभा को पहचानें तथा उसे आगे बढ़ने के लिए उचित मार्गदर्शन दें। उन्होंने बच्चों के स्क्रीन टाइम को लेकर भी चिंता जताई और उन्हें मोबाइल व अन्य स्क्रीन पर जरूरत से ज्यादा समय बिताने से बचाने की दिशा में काम करने की बात कही।

पीएम मोदी के संदेश में इस बात पर जोर रहा कि शिक्षक बच्चों के व्यवहार, रुचियों और समस्याओं को समझकर उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। साथ ही, बच्चों के मामले में शिक्षकों और अभिभावकों के बीच बेहतर संवाद भी मददगार हो सकता है।