हाईवे पर मुसीबत में अब जल्दी मिलेगी मदद! NHAI की 1033 हेल्पलाइन में AI की एंट्री, जानें कैसे काम करेगी नई तकनीक
अगर आप नेशनल हाईवे पर सफर करते हैं और रास्ते में वाहन खराब हो जाए, दुर्घटना हो जाए या किसी तरह की इमरजेंसी सामने आ जाए, तो आने वाले समय में मदद पहले से ज्यादा तेजी से मिल सकती है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) अपनी 1033 नेशनल हाईवे हेल्पलाइन को आधुनिक तकनीक से अपग्रेड करने की तैयारी कर रहा है। इसमें Artificial Intelligence (AI), रियल-टाइम लोकेशन ट्रैकिंग और स्मार्ट डिस्पैच सिस्टम जैसी सुविधाएं शामिल की जाएंगी।
कैसे काम करेगी नई AI तकनीक?
नई व्यवस्था में हेल्पलाइन पर आने वाली कॉल को तकनीक की मदद से ज्यादा तेजी से प्रोसेस किया जाएगा। रियल-टाइम लोकेशन की मदद से इमरजेंसी टीम को यह पता लगाने में आसानी होगी कि मदद मांगने वाला व्यक्ति हाईवे पर किस जगह मौजूद है।
इसके बाद जरूरत के हिसाब से एम्बुलेंस, क्रेन या पेट्रोलिंग वाहन को भेजने में मदद मिलेगी। इससे रिस्पॉन्स टाइम कम करने और राहत कार्य को बेहतर तरीके से कोऑर्डिनेट करने का लक्ष्य है।
कई भारतीय भाषाओं में मिलेगी सहायता
नई प्रणाली में AI आधारित मल्टीलिंगुअल सपोर्ट भी प्रस्तावित है। इसका उद्देश्य अलग-अलग भारतीय भाषाओं में आने वाली शिकायतों और इमरजेंसी कॉल को बेहतर तरीके से संभालना है।
हालांकि AI का इस्तेमाल बढ़ाया जाएगा, लेकिन गंभीर परिस्थितियों में मानवीय ऑपरेटर की भूमिका बनी रहेगी। यानी जरूरी मामलों में अंतिम निर्णय और सहायता के लिए इंसानी निगरानी महत्वपूर्ण रहेगी।
रोजाना करीब 15 हजार कॉल संभालती है 1033 हेल्पलाइन
NHAI की 1033 हेल्पलाइन साल 2018 में शुरू की गई थी। यह सेवा नेशनल हाईवे पर वाहन खराब होने, मेडिकल इमरजेंसी और दूसरी परेशानियों में सहायता उपलब्ध कराने के लिए इस्तेमाल की जाती है। मौजूदा व्यवस्था में हेल्पलाइन पर रोजाना करीब 15,000 कॉल आती हैं और यह बड़ी संख्या में नेशनल हाईवे नेटवर्क को कवर करती है।
हाईवे यात्रियों को क्या फायदा होगा?
नई तकनीक लागू होने के बाद हाईवे पर इमरजेंसी के दौरान सहायता मिलने की प्रक्रिया ज्यादा तेज और व्यवस्थित बनाने का लक्ष्य है। लोकेशन ट्रैकिंग, AI आधारित कॉल सपोर्ट और स्मार्ट वाहन डिस्पैच से सही संसाधन को सही जगह भेजने में मदद मिल सकती है।
NHAI से जुड़ी IHMCL ने नई पीढ़ी की 1033 हेल्पलाइन और कॉल सेंटर विकसित करने के लिए विशेषज्ञ कंपनियों से रुचि आमंत्रित की है।
