अबू धाबी के क्राउन प्रिंस ने भारतीय ड्राइवर को रोका और मिलाया हाथ, सादगी ने जीता लोगों का दिल
नई दिल्ली: भारत में आयोजित 18वें BRICS Summit के बाद अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है। वीडियो में वह अपने भारतीय ड्राइवर से मिलने के लिए वापस लौटते और उससे हाथ मिलाकर धन्यवाद करते नजर आ रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शेख खालिद नई दिल्ली से रवाना होने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एहसास हुआ कि उन्होंने अपने ड्राइवर को विदाई नहीं दी है। इसके बाद वह वापस कार की ओर गए और ड्राइवर से हाथ मिलाकर कुछ देर बातचीत की।
क्राउन प्रिंस का यह छोटा-सा व्यवहार लोगों को काफी पसंद आया। सोशल मीडिया पर यूजर्स उनके इस अंदाज की तारीफ कर रहे हैं और इसे सम्मान, विनम्रता और शिष्टाचार की मिसाल बता रहे हैं।
शेख खालिद भारत में 12 और 13 सितंबर को आयोजित 18वें BRICS Summit में UAE का प्रतिनिधित्व करने पहुंचे थे। वह UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान की ओर से प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे थे।
क्राउन प्रिंस के ड्राइवर के प्रति इस सामान्य लेकिन खास gesture ने एक बार फिर यह दिखाया कि किसी भी व्यक्ति के काम और योगदान के प्रति सम्मान जताना कितना महत्वपूर्ण हो सकता है।
