सिंहस्थ 2028 के लिए CM मोहन यादव का बड़ा कदम! उज्जैन में पैतृक मकान के हिस्से पर खुद चलाई गैंती

 उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारी तेज, CM मोहन यादव ने पैतृक मकान पर खुद चलाई गेती



उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू हो गया है। इसी अभियान के तहत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के अब्दालपुरा स्थित पैतृक मकान का सड़क की जद में आने वाला हिस्सा हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई। मुख्यमंत्री ने रविवार को मौके पर पहुंचकर पूजा-अर्चना के बाद खुद गेती चलाकर मकान के हिस्से को हटाने की शुरुआत की।


जानकारी के मुताबिक, खजूर वाली मस्जिद से अब्दालपुरा, जीवाजीगंज थाना होते हुए गणेश चौक तक करीब 730 मीटर लंबे मार्ग को लगभग 15 मीटर चौड़ा करने की योजना है। इस सड़क चौड़ीकरण के दायरे में इलाके के कई मकान और अन्य संरचनाएं आ रही हैं।


रिपोर्टों के अनुसार मुख्यमंत्री की बहन कलावती यादव का मकान भी सड़क चौड़ीकरण की जद में है। स्थानीय स्तर पर कई परिवारों के मकानों के हिस्से इस परियोजना से प्रभावित हो रहे हैं।


सड़क चौड़ीकरण का उद्देश्य सिंहस्थ 2028 के दौरान उज्जैन में यातायात और श्रद्धालुओं के आवागमन को बेहतर बनाने से जुड़ा है। प्रशासन शहर के अलग-अलग हिस्सों में बुनियादी ढांचे और यातायात व्यवस्था को बेहतर करने के लिए तैयारियां कर रहा है।