JPNIC लीज विवाद पर अखिलेश का योगी सरकार पर हमला, बोले- ‘सरकार है या दुकानदार?’
लखनऊ: जय प्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (JPNIC) को निजी हाथों में लीज पर देने के फैसले को लेकर उत्तर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने योगी सरकार के इस फैसले पर सवाल उठाते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सरकार पर निशाना साधते हुए पूछा कि भाजपा सरकार है या दुकानदार। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी संपत्तियों को निजी हाथों में सौंपने की नीति पर सरकार को जवाब देना चाहिए।
दरअसल, योगी कैबिनेट ने लखनऊ स्थित JPNIC के संचालन और अधूरे काम पूरे कराने के लिए निजी क्षेत्र को लीज देने को मंजूरी दी है। रिपोर्टों के मुताबिक चयनित निजी समूह को परिसर के बचे हुए कार्य अपने खर्च पर पूरे करने होंगे और इसके बाद उसका संचालन करना होगा।
JPNIC का निर्माण अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री कार्यकाल में शुरू हुआ था और यह उनके प्रमुख प्रोजेक्ट्स में शामिल रहा है। लंबे समय से बंद पड़े इस परिसर को दोबारा सक्रिय करने के लिए सरकार ने निजी भागीदारी का रास्ता अपनाया है।t
